Ranchi: राजधानी के सेंट जेवियर्स कॉलेज ने स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन को लेकर प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है. कॉलेज प्रशासन ने नए शेड्यूल के साथ छात्रों को आवेदन की अंतिम तिथि भी याद दिलाई है. इच्छुक अभ्यर्थी चांसलर पोर्टल के माध्यम से 13 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
ऑनर्स एवं वोकेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं 16 जून से 21 जून तक आयोजित
कॉलेज द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न ऑनर्स एवं वोकेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं 16 जून से 21 जून तक आयोजित होंगी. पहले दिन 16 जून को अकाउंट ऑनर्स, बीसीए और बीबीए की परीक्षा होगी, वहीं 17 जून को बीएससी इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, अंग्रेजी और जूलॉजी के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. 18 जून को बायोटेक्नोलॉजी, रसायनशास्त्र और भूगोल, जबकि 19 जून को अर्थशास्त्र, इतिहास और राजनीति विज्ञान विषयों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी. 20 जून को गणित, अंग्रेजी (लैंग्वेज एंड लिटरेचर), भौतिकी और बॉटनी के लिए परीक्षा होगी. 21 जून को वोकेशनल कॉमर्स पाठ्यक्रमों के तहत बैंकिंग एंड इंश्योरेंस, फाइनेंस मार्केट ऑपरेशन, एडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग तथा इंटरनेशनल अकाउंट्स की परीक्षा ली जाएगी.

कॉलेज की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व कॉलेज की वेबसाइट से फॉर्म नंबर के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. वहीं, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के परिणामों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी और जुलाई के पहले सप्ताह तक सभी चयनित विद्यार्थियों का दाखिला सुनिश्चित कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होंगी, जबकि उच्च सेमेस्टर की पढ़ाई 22 जून से नियमित रूप से संचालित होगी.
यह भी पढ़ें: रांची: मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक का कान दांत से काटकर किया अलग
