Bermo: बेरमो अनुमंडल स्थित तेनुघाट रजिस्ट्री कार्यालय में कोबरा सांप मिलने से अफरा-तफरी मच गई. सांप मिलने की खबर मिलते ही सभी कर्मचारी कार्यालय से बाहर निकल गए. बताया जा रहा है कि राजस्ट्री कार्यालय कर्मचारी पंकज कुमार जब रजिस्टार के कक्ष में गये तो देखा कि कोबरा सांप फन फैलाए फुंफकार मार रहा था. लेकिन ऑफिस में टाइल्स होने के कारण जल्दबाजी में सांप इधर-उधर जा नहीं पा रहा था. इसके बाद तुरंत ही सांप पकड़ने वाले राजू कुमार यादव को बुलाया गया.
राजू कुमार यादव ने सांप को जार में बंद कर जंगल में छोड़ा
राजू कुमार यादव जब तेनुघाट रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचा, तो उसने सांप को पकड़ कर एक जार में बंद कर दिया और जंगल की ओर ले गया. इस बारे में पूछने पर राजू कुमार यादव ने बताया कि लगभग सात-आठ वर्षों से वह सांप पकड़ने का काम कर रहा है और अब तक लगभग तीन-चार हजार से अधिक सांप को पकड़ कर जंगलों में उसने छोड़ा है. उसने बताया कि यह सांप बहुत ही जहरीला था.

इस दौरान राजू कुमार यादव ने सभी से यह अपील भी की, कि सांप पकड़ने का कार्य बहुत ही खतरनाक है. पकड़ने का नियम नहीं जानते है तो कभी रिस्क नहीं लें अन्यथा जान भी जा सकती है. वहीं अवर निबंधन पदाधिकारी रितु रंजन कुमार ने कार्यालय आने पर राजू कुमार यादव को पुरस्कृत कर धन्यवाद दिया तथा कहा कि अगर वह नहीं होते तो किसी भी प्रकार कि दुर्घटना हो सकती थी.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा: भीषण सड़क हादसे में 6 की मौत, पीड़ित परिवारों से मिले विधायक भूषण बाड़ा
