6 जुलाई को रांची में होगा 14वां छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह, 20 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान

Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर (पासवा) की ओर से आयोजित होने वाले छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 को लेकर प्रेस वार्ता...

Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर (पासवा) की ओर से आयोजित होने वाले छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान पासवा के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, प्रवक्ता मेहुल दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रेस वार्ता में बताया गया कि 6 जुलाई 2026 को रांची के शहीद टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में 14वें छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. समारोह के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो पूरी तरह निशुल्क है.

व्हाट्सएप और ईमेल से करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

विद्यार्थी अपनी मार्कशीट व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं. जो छात्र पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे, उनके लिए कार्यक्रम स्थल पर सुबह 8 बजे से 9 बजे तक ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है. सम्मान समारोह सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा. पासवा पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष इस मंच पर 15 से 20 हजार विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है. कार्यक्रम में 250 से अधिक स्कूलों के प्रिंसिपल और डायरेक्टर भी शामिल होते हैं.

उन्होंने कहा कि प्रतिभा का आकलन केवल 90 या 95 प्रतिशत अंक से नहीं किया जा सकता. 60 से 65 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले कई विद्यार्थी भी आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनकर देश का नाम रोशन करते हैं. इसी उद्देश्य से पासवा ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है.

CBSE, ICSE और JAC बोर्ड के छात्र ले सकेंगे हिस्सा

पासवा ने बताया कि समारोह में CBSE, ICSE और JAC बोर्ड के 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं. साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.

कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे. पासवा के संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस समारोह में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के शामिल होने की सहमति मिल चुकी है. इसके अलावा पद्मश्री मुकुंद नायक सहित शिक्षा, राजनीति और मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी. पासवा ने सभी योग्य विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. साथ ही रांची की उस छात्रा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिसने देशभर में टॉप कर शहर का गौरव बढ़ाया है.

ALSO READ: ओरिया-सिंघानी ओवरब्रिज की बदहाल सर्विस रोड से फूटा लोगों का गुस्सा, धूल, अंधेरा और अधूरा निर्माण बना मुसीबत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *