Palamu: मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में कार्यरत बालाजी एजेंसी के सफाई कर्मियों ने पिछले पांच माह से मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गए. करीब 40 से 50 सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई और कई वार्डों तथा परिसर में सफाई कार्य ठप पड़ गया.
पिछले पांच माह से वेतन बकाया
सफाई कर्मियों का कहना था कि वे लगातार पिछले पांच महीने से वेतन भुगतान का इंतजार कर रहे हैं. इस संबंध में उन्होंने सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षक को भी जानकारी दी थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. आर्थिक तंगी से परेशान कर्मियों ने अंततः हड़ताल का रास्ता अपनाया और अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को रखा. हड़ताल के दौरान कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक वे कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे. सफाई व्यवस्था बाधित होने से अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ गई.

सिविल सर्जन से मुलाकात की
बालाजी के सफाई कर्मी शुक्रवार को पलामू सिविल सर्जन से मुलाकात की. सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि आगामी 20 तारीख तक सभी बकाया मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा. उनके आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने और पुनः काम पर लौटने का निर्णय लिया. हालांकि सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 तारीख तक भुगतान नहीं हुआ तो वे दोबारा हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे. उन्होंने कहा कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. फिलहाल सिविल सर्जन के आश्वासन के बाद अस्पताल में सफाई कार्य सामान्य रूप से शुरू हो गया है.
AlsoRead:निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने हेतु चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
