Palamu: पांडू और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल से शुक्रवार को एक महिला का कंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी सुनीता देवी के रूप में की गई है. वह बीते 29 मई से लापता थीं. परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर उनकी पहचान की.
लकड़ी चुनने गई थी
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी अक्सर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोहबंधा माहूर इलाके के जंगलों में लकड़ी चुनने जाया करती थीं. 29 मई को भी वह घर से लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला.

ग्रामीणों को मिली लाश
शुक्रवार को पांडू और हुसैनाबाद के सीमावर्ती जंगल में कुछ स्थानीय ग्रामीण मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान उन्हें जंगल के एक हिस्से से तेज दुर्गंध आई. जब ग्रामीण उस ओर बढ़े, तो उन्होंने एक महिला का क्षत-विक्षत शव (कंकाल) देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और भटवलिया गांव के लोगों को दी.
Also Read: घोड़ा अस्पताल के पास कटेगा जर्जर पेड़, हजारीबाग के बड़े हिस्से में 8 घंटे गुल रहेगी बिजली
कपड़ों से हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पांडू थाना पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे. शव की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन वहां पड़े कपड़ों को देखकर परिजनों ने उसकी पहचान सुनीता देवी के रूप में की.
जांच में जुटी पुलिस
बिश्रामपुर SDPO चिरंजीवी कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान की है. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है. परिजनों से मिलने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की मौत किसी हादसे का शिकार होने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.
