उपायुक्त ने की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक, मतदाता मैपिंग शिविर, जनगणना कार्य और RTE नामांकन पर दिए अहम निर्देश

Ranchi: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की...

Ranchi: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपविकास आयुक्त संजय भगत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा

बैठक में जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी चार्ज पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित या घर बंद मिले हैं, वहां निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनः संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए.

13 और 14 जून को विशेष मतदाता मैपिंग शिविर

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की मैपिंग के लिए 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए. उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्धारित समय पर कार्य प्रारंभ हो तथा सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी हो.

मतदाता मैपिंग में त्रुटि नहीं होनी चाहिए

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता मैपिंग कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए. प्रत्येक बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएं. जहां भी एईआरओ के पद रिक्त हैं, वहां यथाशीघ्र रिक्ति भरने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की पदस्थापना सुनिश्चित करने और बीएलओ पर्यवेक्षकों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया. बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा प्रतिनियुक्त बीएलए-2 की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.

Read Also: पाकुड़: SIR को लेकर झामुमो का प्रशिक्षण शिविर, विनोद पांडेय ने कहा- ‘योग्य मतदाताओं के नाम नहीं हटाने देंगे, करेंगे विरोध’

RTE के तहत चयनित छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश

शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि प्रथम चरण की लॉटरी में चयनित सभी छात्रों का नामांकन विद्यालयों में हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए.

मोहर्रम की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश

आगामी प्रमुख कार्यक्रमों एवं पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मोहर्रम को लेकर समय पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दें.

राजस्व शिकायतों पर होगी विशेष समीक्षा

राजस्व संबंधी शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अगले सप्ताह इस विषय पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों के आधार पर आवश्यक प्रतिवेदन एवं आरोप-पत्र तैयार करने सहित संबंधित कार्रवाई को त्वरित गति दी जाए.

नए कर्मियों के पहचान पत्र जल्द बनाने का निर्देश

बैठक में हाल ही में पदस्थापित अधिकारियों एवं कर्मियों के पहचान पत्र निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नए पदस्थापित अधिकारियों और कर्मियों के पहचान पत्र तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं. बैठक में कोषागार से संबंधित अनुपालन कार्यों, समाहरणालय परिसर में जलजमाव, जल निकासी, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया.

पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश

बैठक के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के कार्यों की नियमित समीक्षा करने, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *