Giridih:जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे.
नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी मंच है. इसके माध्यम से न केवल लोगों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान संभव हो पाता है, बल्कि प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें.

कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया
जनता दरबार में बिजली बिल संबंधी शिकायतें, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पारिवारिक विवाद, रोजगार, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों की अधिकता रही. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए. कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी बात रखने का सहज अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है. जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.
AlsoRead:गुमला में डायन-बिसाही के नाम पर वृद्ध की हत्या, झालसा ने लिया संज्ञान- पीड़ित परिवार को दी सहायता
