Giridih: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोजगार सेवक प्रयाग यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रही है और जांच जारी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब छह वर्षीय बच्ची एक सरकारी कार्यालय परिसर में खेल रही थी. आरोप है कि बच्ची को अकेला पाकर रोजगार सेवक प्रयाग यादव उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद बच्ची दर्द से रोते हुए अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी आपबीती बताई.
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
बच्ची की बात सुनते ही परिजन उसे लेकर बगोदर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला नाबालिग बच्ची से जुड़ा होने के कारण जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित बच्ची को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

