Jamshedpur: जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अपराधियों के जानलेवा हमले और फायरिंग में गंभीर रूप से घायल मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद आफताब की कोलकाता में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह मौत हो गई. घटना के बाद से ही उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर से कोलकाता रेफर किया गया था. आफताब के मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक निवास मुस्लिम बस्ती और आसपास के इलाकों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश, थाने का घेराव
आफताब की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोग एकजुट होकर बर्मामाइंस थाना पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया. उग्र भीड़ ने बर्मामाइंस थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के समक्ष दो मुख्य मांगें रखीं है. पहला हत्या में शामिल सभी नामजद और अज्ञात अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और दूसरा क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस त्वरित और तेज मुहिम चलाए. दरअसल, स्थानीय लोगों का आरोप है कि नशे की लत ही क्षेत्र में बढ़ते अपराध की मुख्य वजह बन रही है.
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
थाने पर बढ़ते तनाव और हंगामे को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और घटना में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी भरोसा दिया गया. फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बर्मामाइंस और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.

