Chaibasa: रेल नगरी चक्रधरपुर के गार्ड बैरक क्षेत्र में माता शीतला पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. श्रद्धा, आस्था और भक्ति के माहौल में भव्य घट यात्रा निकाली गई. यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया. माता शीतला के जयकारों और धार्मिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. बटन लेक स्थित पूजा स्थल पर खड़गपुर से आए पुजारी उदय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके बाद घट यात्रा बटन लेक से प्रारंभ होकर कांजी हाउस, बदाम चौक, आरई कॉलोनी, केंद्रीय विद्यालय, काली मंदिर, ऑफिसर्स क्लब, कमेटी हॉल और पांच मोड़ सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित पूजा स्थल पहुंची. यात्रा के दौरान श्रद्धालु हल्दी से निर्मित माता शीतला की प्रतिमा को सिर पर धारण कर चल रहे थे. मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नीम के पत्तों एवं पुष्पों से माता का स्वागत किया. डफली, ढोल और डीजे की धुन पर भक्त झूमते नजर आए, वहीं भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
यह भी पढ़ें: महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के हितों से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त

कलश धारण कर माता की पूजा-अर्चना
महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर माता की पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिवसीय माता शीतला महोत्सव को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह है. आगामी दिनों में विशेष पूजा, भजन संध्या और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. 16 जून को भव्य शोभायात्रा के साथ माता शीतला की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. पूजा महोत्सव को सफल बनाने में लक्ष्मी देवी, सुनीता कुमारी, के.एन. राव, माला देवी, अंजली देवी, गीता देवी, जी. प्रसाद, एन. मनोज कुमार, विवेक साह, अजय राव, आर. सरस्वती सहित समिति के अन्य सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. घट यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे. पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और क्षेत्र पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
यह भी पढ़ें: रांची: नामकुम में युवक को गोली मारने वाले दो अपराधी गिरफ्तार
