रांची: 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को सेल सुरक्षा संगठन (एसएसओ) रांची की ओर से ‘सेफ्टी वॉक और पुरस्कार समारोह’ का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम सुरक्षा अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक, शिक्षित और सशक्त बनाना था. कार्यक्रम सैटेलाइट टाउनशिप परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 250 कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए.

वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में एसएसओ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. रामकृष्ण, आरडीसीआईएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार कर, एसडीटीडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक जैन, एमटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय धर, सीईटी के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.पी. दास सहित रांची स्थित सेल की विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल हुए.
Also Read: नारी शक्ति के हाथों में रेल की कमान: रांची में महिला टीम ने संभाली रांची-इरगांव ट्रेन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
पुरस्कार समारोह के दौरान सेल रांची इकाइयों के कर्मचारियों और उनके बच्चों के लिए आयोजित सुरक्षा स्लोगन, चित्रकला और सुरक्षा क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए. इसके अलावा एसएसओ कर्मचारियों के मेधावी छात्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
महिला दिवस के साथ विशेष महत्व
यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन आयोजित होने के कारण और भी खास रहा. इस अवसर पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम का संचालन एसएसओ के एजीएम (सुरक्षा) मनोज कुमार और एजीएम (सुरक्षा) अभिषेक कुमार ने किया और राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के महत्व की जानकारी दी. बता दें कि इसी तरह के कार्यक्रम सेल के सभी संयंत्रों और इकाइयों में भी आयोजित किए जा रहे हैं.

