Newswave desk : असम के जोरहाट स्थित भारतीय वायुसेना (IAF) स्टेशन से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. शनिवार सुबह लैंडिंग के दौरान वायुसेना का एक सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में विमान के पायलट के शहीद होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद से ही मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है.

लैंडिंग के समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान एएन-31 (AN-31) मालवाहक विमान था. जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सैन्य रसद, भारी सामान और जवानों की ढुलाई के लिए किया जाता है. शनिवार सुबह जब विमान अपनी नियमित उड़ान के बाद जोरहाट एयरबेस पर उतरने का प्रयास कर रहा था. तभी तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से वह रनवे के पास क्रैश हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान को भारी नुकसान पहुंचा है.

राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना के आला अधिकारी, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है. मलबे से पायलट और अन्य संभावित क्रू मेंबर्स को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं, हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी पायलट की स्थिति को लेकर अंतिम पुष्टि का इंतजार है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनके बचने की संभावना बेहद कम जताई जा रही है.
वायुसेना ने दिए जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने इस दर्दनाक हादसे पर प्रारंभिक बयान जारी करते हुए कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
