हजारीबाग: छठ घाट की दुर्दशा पर वार्डवासियों का फूटा आक्रोश, बरसात से पहले मरम्मत नहीं हुई तो होगा आंदोलन

Hazaribagh : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 स्थित छठ घाट की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने...

Hazaribagh : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 स्थित छठ घाट की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है. बरसात शुरू होने से पहले घाट की मरम्मत और आसपास की नालियों की सफाई कराने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने हजारीबाग नगर निगम की महापौर अरविन्द कुमार राणा को सामूहिक आवेदन सौंपा है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा. आवेदन में कहा गया है कि वर्षों से यह छठ घाट क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां छठ महापर्व सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते हैं. लेकिन वर्तमान में घाट की सीढ़ियां टूट चुकी हैं, कई स्थानों पर कटाव हो गया है और समुचित रखरखाव के अभाव में श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

टूटी सीढ़ियां और गंदा पानी बना खतरा, छठ घाट सुधारने की उठी मांग

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए घाट तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है. स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि छठ घाट के समीप बनी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सीधे तालाब में मिल रहा है. बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा दूषित पानी के कारण तालाब का जल प्रदूषित होने का खतरा बढ़ जाता है. इससे एक ओर जहां लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बनी रहती है. वार्ड वासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पूर्व युद्धस्तर पर छठ घाट का जीर्णोद्धार कराया जाए, टूटी हुई सीढ़ियों की मरम्मत की जाए तथा नालियों की व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके. आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में राजीव कुमार, सुषमा वर्मा, हुलास साव, अवधेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार, संतोष कुमार, अंजली नीरज, शैलेंद्र पासवान, किशोर प्रसाद, शशिकांत कुमार यादव, विशाल आनंद, राजू कुमार साव, सुजय ठाकुर, मनोरंजन गुप्ता, नेहा कुमारी, राजवीर सिंह, तरनजीत कौर, राज कुमार, संतोष कुमार शर्मा एवं संजीव कुमार शामिल हैं. अब नगर निगम क्षेत्रवासियों की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई की जाती है.

Also Read : मतदाता गणना के दौरान किसी भी दस्तावेज की जरूरत नहीं, सिर्फ भरा हुआ फॉर्म और फोटो दें : के रवि कुमार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *