Click Here
Click Here

हजारीबाग में लगातार हो रही हत्याओं से दहशत, ब्राउन शुगर और अवैध कारोबार पर उठे सवाल

Hazaribagh: शहर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने शहरवासियों को भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर...

Hazaribagh: शहर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने शहरवासियों को भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है. ताजा मामला कटकमसांडी प्रखंड के पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत छड़वा पेट्रोल पंप के समीप स्थित खेल मैदान से एक चालक का शव बरामद होने का है. इस घटना ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि शहर में तेजी से फैल रहे नशे और अवैध गतिविधियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में ब्राउन शुगर, अवैध लॉटरी और अन्य गैरकानूनी धंधों के कारण अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. उनका कहना है कि नशे की गिरफ्त में जा रहे युवा आपराधिक घटनाओं में शामिल हो रहे हैं, जिसका परिणाम आए दिन हत्या जैसी वारदातों के रूप में सामने आ रहा है.

खेल मैदान में मिला चालक का शव, हत्या की आशंका

रविवार सुबह छड़वा खेल मैदान के समीप लगभग 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी, पगमिल निवासी शौकत अली खान के बड़े पुत्र इमरान हुसैन उर्फ सोनू खान के रूप में हुई है. इमरान पेशे से किराये की गाड़ी चलाता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. पेलावल पुलिस के अनुसार शनिवार रात गश्ती के दौरान छड़वा मैदान के समीप एक लाल रंग की ग्लैमर बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली. संदेह होने पर पुलिस ने आसपास तलाश की तो सुबह कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा मिला. घटनास्थल से मृतक की बाइक, बाइक की चाबी, चप्पल और लॉटरी टिकट भी बरामद किए गए हैं. शव पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पांच लोग नामजद

मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. मृतक के भाई गजाली खान ने इस मामले में पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. दर्ज शिकायत में मृतक की पत्नी शबाना परवीन, सास संजीदा, साढ़ू शहजाद खान, असगर खान तथा जेठ सास गुड़िया के नाम शामिल किए गए हैं. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.

ALSO READ: गिरिडीह: अवैध खनन पर प्रशासन का एक्शन, करोड़ों की मशीनें जब्त, माफियाओं में हड़कंप

सड़क जाम कर जताया विरोध, अवैध कारोबार पर फूटा गुस्सा

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ इंद्रपुरी के समीप करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की. मौके पर पहुंचे सदर अंचल अधिकारी ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया. हालांकि लोगों में अभी भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में तेजी से फैल रहे ब्राउन शुगर और अवैध लॉटरी कारोबार को अपराध बढ़ने की बड़ी वजह बताया है. लोगों का कहना है कि नशे की लत ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है और कई युवा अपराध की राह पर चल पड़े हैं. स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहर में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है. लोगों का कहना है कि नशे की वजह से चोरी, लूट, मारपीट और हत्या जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.

पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

घटना के बाद कई स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं. लोगों का आरोप है कि शहर में चल रहे अवैध कारोबारों पर सख्ती नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. कुछ लोगों ने यहां तक आरोप लगाया कि अतिरिक्त कमाई के लिए गैरकानूनी गतिविधियों को संरक्षण दिया जा रहा है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के बीच पुलिस व्यवस्था को लेकर असंतोष जरूर बढ़ा दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ब्राउन शुगर और अन्य अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. परिजनों और आम लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि जांच कितनी निष्पक्ष होती है और दोषियों तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंच पाती है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *