Giridih: डुमरी अनुमंडल के चीनो मौजा में लंबे समय से चल रहे अवैध पत्थर खनन के खेल पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया. अनुमंडल प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अवैध खदान पर बड़ी कार्रवाई की और खनन माफियाओं के नेटवर्क को जोरदार झटका दिया. कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे दो हाइवा, एक पोकलेन मशीन और एक ड्रिलिंग मशीन को जब्त कर लिया गया. सभी वाहनों और मशीनों को कब्जे में लेकर डुमरी थाना लाया गया है.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
बताया जाता है कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि चीनो मौजा में बिना किसी वैध खनन पट्टा और सरकारी अनुमति के बड़े पैमाने पर पत्थर का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. इतना ही नहीं, खनिज संपदा की खुलेआम चोरी कर उसका परिवहन भी किया जा रहा था. शिकायतों के बाद प्रशासन ने रणनीति बनाकर संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया और सीधे खदान पर धावा बोल दिया.
मौके पर मची अफरा-तफरी
छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रशासनिक टीम को देखकर कई लोग भाग निकले, जबकि खदान में कार्यरत तीन मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना लाया गया. अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और वहां चल रही अवैध गतिविधियों के साक्ष्य जुटाए.
प्राथमिकी दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) सह खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव की लिखित शिकायत पर डुमरी थाना में अज्ञात संचालकों के खिलाफ अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिज चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद असली सरगनाओं की तलाश में जुट गई है.
अधिकारियों का बयान
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और अवैध खनन में उपयोग हो रही मशीनों एवं वाहनों को जब्त कर लिया गया. मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
संयुक्त अभियान
इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ आबिद खान, अंचल अधिकारी शशिभूषण बर्मा, प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी सह खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव तथा डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार सहित कई अधिकारी शामिल थे.
माफियाओं में हड़कंप
प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अवैध खनन स्थलों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन का संदेश साफ है कि सरकारी खनिज संपदा की लूट करने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.


