Ranchi: केंद्र सरकार के सफलतम और ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू स्थित साईं नाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि विकास और विरासत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल ध्येय है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है.
विकसित भारत के निर्माण में सबकी भागीदारी जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने विकसित भारत-2047 के संकल्प, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का हर वर्ग इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा. उन्होंने स्वामी विवेकानंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि एक नरेंद्र की कल्पना को दूसरा नरेंद्र साकार करने का कार्य कर रहा है. उन्होंने लोगों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.
आतंकवाद, उग्रवाद और नक्सलवाद पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में 98 प्रतिशत की कमी आई है. वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद की घटनाएं 82 प्रतिशत तक घटी हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में निर्णायक सफलता प्राप्त कर चुका है. झारखंड में भी नक्सलवाद के प्रभाव में आई कमी के कारण विकास कार्यों को गति मिली है और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं.
Read Also: रामगढ़ खदान हादसा: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल ने कहा- ‘यह सामूहिक हत्या, हो न्यायिक जांच’
सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय
नित्यानंद राय ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण पर आधारित नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय रहे हैं. इस दौरान भारत ने विकास, विश्वास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए मानक स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है. आज भारत आत्मनिर्भरता, डिजिटल नवाचार और मजबूत नेतृत्व के बल पर विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है.
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बढ़े अवसर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने अस्थिरता और अविश्वास के दौर से निकलकर विकास और स्थिरता के नए आयाम स्थापित किए हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आईआईटी, एम्स और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं. उन्होंने कहा कि किसान, महिलाएं, युवा और श्रमिक वर्ग आज विकास यात्रा के समान भागीदार बन रहे हैं. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का आत्मीय स्वागत किया. यह कार्यक्रम रांची पूर्वी और रांची पश्चिमी जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया.
Read Also: जामताड़ा: विश्व रक्तदाता दिवस पर सेंट एंथोनी स्कूल में रक्तदान शिविर, 18 यूनिट रक्त संग्रहित
स्वच्छता अभियान और शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
रांची प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बरियातू मंडल के तेतर टोली तालाब परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा सफाईकर्मियों को सम्मानित किया. इसके अलावा उन्होंने सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से शिष्टाचार मुलाकात भी की. इसके साथ ही सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 स्वर्णिम वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित प्रगति पथ यात्रा के तहत रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर पर भी उनकी गरिमामयी उपस्थिति रही.
बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में अभियान की प्रदेश सह-संयोजक आरती कुजूर, साईं नाथ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. एस.पी. अग्रवाल, रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दिव्याणी लिंडा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.


