Koderma: जिले के झुमरी तिलैया के 3 हजार घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है और फिलहाल करीब 800 घरों तक यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. 132 किमी लंबी गैस पाइपलाइन परियोजना के तहत इसी माह 110 किमी पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें अब तक 40 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है. परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पिछले दो वर्षों से लंबित रेलवे लाइन के नीचे से पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है. इसके बाद शहर के झंडा चौक, अड्डी बंगला, पूर्णिमा टॉकीज, डॉक्टर गली सहित अन्य इलाकों और वार्डों में जुलाई माह से गैस आपूर्ति शुरू की जाएगी. करीब 50 करोड़ रुपये की इस परियोजना के मार्च 2027 तक पूरा होने के बाद झुमरी तिलैया के लोगों को एलपीजी सिलेंडर की चिंता से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
दो चरणों में बिछाई जा रही है पाइपलाइन
पहले चरण में रेलवे फाटक के उस पार पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है. अब दूसरे चरण में शहर के अन्य क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन का काम शुरू किया गया है. इस कार्य में 12 इंच मोटे स्टील पाइप का उपयोग किया जा रहा है.
डीआरएस के जरिए घरों तक पहुंचेगी गैस
परियोजना के तहत डिस्ट्रिक्ट रेगुलेटरी स्टेशन (डीआरएस) स्थापित किए जाएंगे. इन्हीं स्टेशनों के माध्यम से शहर में गैस आपूर्ति को नियंत्रित किया जाएगा. घरों तक मीडियम डेनसिटी पॉली एथिलीन पाइप के जरिए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए शहर के 28 वार्डों में सर्वे का कार्य पूरा किया जा चुका है. सर्वे के दौरान गलियों की चौड़ाई, पाइपलाइन बिछाने की स्थिति और संभावित उपभोक्ताओं का आकलन किया गया. परियोजना पूरी होने के बाद झुमरी तिलैया के हजारों घरों को सुरक्षित, स्वच्छ और नियमित रसोई गैस उपलब्ध हो सकेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल सिलेंडर की परेशानी समाप्त होगी, बल्कि क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था भी अधिक स्थिर होगी.
ALSO READ: कोडरमा: विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआरपीएफ जवानों ने किया रक्तदान
इन इलाकों में पहुंच चुकी है पीएनजी सुविधा
वर्तमान में नवादा बस्ती, चित्रगुप्त नगर, आश्रम रोड, सीडी कॉलोनी, महात्मा गांधी रोड और पुरानी बस स्टैंड क्षेत्र में पीएनजी सुविधा पहुंच चुकी है. वहीं शहर के प्रतिष्ठित होटल जैसे रामेश्वरम, ग्रैंड सूर्या, स्वीट संगम और पाजी में भी पीएनजी कनेक्शन शुरू हो चुका है. शहर के सभी वार्डों एवं मोहल्लों में पीएनजी कनेक्शन के लिए 06534314388 पर संपर्क किया जा सकता है. पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद सिलेंडर भरवाने के झंझट से मुक्ति मिल सकती है. साथ ही पीएनजी, एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित और किफायती भी मानी जाती है.


