palamu : केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जहां भारतीय जनता पार्टी द्वारा मोदी सरकार की 12 बड़ी उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी ने इस पर तीखा पलटवार किया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार और पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम पर सीधा निशाना साधा.
पलामू के युवा रोजगार के लिए पलायन को मजबूर
कांग्रेस नेता बिट्टू पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश और क्षेत्र की जनता महंगाई से त्राहिमाम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि इन 12 सालों में युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए. पलामू जैसे पिछड़े इलाके में रोजगार सृजन को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है और यहां कोई भी बड़ी या अच्छी फैक्ट्री नहीं खोली जा सकी, जिससे स्थानीय युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मलय डैम (मॉडल डैम) की अधूरी परियोजनाओं सहित क्षेत्र के कई अन्य ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार और स्थानीय सांसद की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि भाजपा केवल कागजों और विज्ञापनों में उपलब्धियां गिना रही है, जबकि धरातल पर जनता मूलभूत सुविधाओं और रोजगार के लिए परेशान है.



