-
15 से 26 जून तक जिलेभर में चलेगा विशेष नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान
Koderma: राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरूआत की. राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में 15 से 26 जून तक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य आमजनों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है.
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कांग्रेस का पलटवार, बिट्टू पाठक ने केंद्र और पलामू सांसद को घेरा
नशापान एक गंभीर सामाजिक चुनौती
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि नशापान एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को प्रभावित करती है. नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक संकट की ओर धकेल देती है. इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के तहत रवाना किए गए तीन जागरूकता रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, शहरी क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे तथा 26 जून तक प्रत्येक पंचायत तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगे. उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है. साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा समाहरणालय में फर्जी नियुक्ति पत्र के सहारे नौकरी ज्वाइन करने पहुंचे युवक को किया गया आरेस्ट
प्रचार माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जाएगा
जागरूकता रथों के माध्यम से प्रचार-प्रसार सामग्री, ऑडियो संदेश, जनसंवाद एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इस मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश मेहता समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे.



