Ranchi: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोड्डा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिक्षा कुमारी से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी. रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित मुलाकात के दौरान मंत्री ने शिक्षा की उपलब्धि को झारखंड के लिए गौरव का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
झारखंड की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि शिक्षा कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह स्वर्ण पदक केवल शिक्षा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि गोड्डा और पूरे झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
उन्होंने कहा कि आज राज्य की बेटियां खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. शिक्षा की सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
मुलाकात के दौरान शिक्षा कुमारी ने अपनी तैयारी, प्रतियोगिता के अनुभव और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी मंत्री को दी. मंत्री ने विश्वास जताया कि शिक्षा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगी.



