Ranchi: झारखंड के लिए गर्व और खुशी की बड़ी खबर है. रांची जिले के राहे स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में विद्यालय को देश का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय चुना गया है.
राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रथम स्थान
इस उपलब्धि के साथ विद्यालय को ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ तथा स्वच्छता और हरित गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. राज्य के तीन सरकारी विद्यालयों का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हुआ है, जिनमें राहे का यह विद्यालय शीर्ष स्थान पर रहा.
कई मानकों पर हुआ मूल्यांकन
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के तहत विद्यालयों का मूल्यांकन स्वच्छ पेयजल, छात्राओं के लिए पृथक शौचालय, हैंडवॉश सुविधा, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हरित परिसर तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचारों के आधार पर किया गया. राहे के इस विद्यालय ने सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया.
सामूहिक प्रयासों का मिला सम्मान
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, छात्राओं और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है. विद्यालय में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया गया है. छात्राओं की सक्रिय भागीदारी, बाल संसद की भूमिका और नियमित जागरूकता कार्यक्रमों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया. वर्ष 2022 में स्थापित यह आवासीय विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त है. परिसर में स्वच्छ पेयजल, हैंडवॉश यूनिट, पर्याप्त शौचालय, जल संरक्षण व्यवस्था तथा कचरा प्रबंधन की बेहतर प्रणाली विकसित की गई है. विद्यालय परिसर में औषधीय पौधों से युक्त उद्यान और इको पार्क भी बनाया गया है. वहीं दीवारों पर शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय सोहराय कला से जुड़े संदेश विद्यालय की विशेष पहचान बने हुए हैं.
दूसरे विद्यालयों के लिए बनेगा प्रेरणा केंद्र
विद्यालय की छात्राओं ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यालय में विकसित स्वच्छता और हरित मॉडल को अन्य विद्यालयों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि वे भी इससे प्रेरणा लेकर अपने परिसरों को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बना सकें. विद्यालय परिवार बोले यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और समर्पण का परिणाम है. छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मिलकर स्वच्छता एवं हरित वातावरण को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज देश में प्रथम स्थान के रूप में सामने आया है.
ALSO READ : वेदांता के डीमर्जर के बाद ईएसएल स्टील लिमिटेड बनी वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (VISL) का हिस्सा



