Seraikela : चांडिल थाना क्षेत्र के सालगाडीह गांव में महुआ शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सालगाडीह निवासी छूटू लोहार के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि भादुडीह निवासी अवैध महुआ शराब कारोबारी मानिक मंडल ने उसे पत्थर और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. सूत्रों के अनुसार रोज की तरह सोमवार शाम को छूटू लोहार शराब पीने के लिए मानिक मंडल के घर गया था. वहां देशी महुआ शराब पीते-पीते दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि उग्र होकर मानिक मंडल ने गर्म पानी फेंकने के बाद पत्थर और लाठी-डंडे से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी मानिक मंडल घटना के बाद से फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
हत्या की पुष्टि नहीं की
चांडिल थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी. अभी तक पुलिस ने इसे हत्या के रूप में दर्ज नहीं किया है. प्रथम दृष्टया मामला मारपीट और शराब को लेकर विवाद का लग रहा है. मामले की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई जाएगी. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है.
Also Read : रांची : RSS कार्यालय में पेट्रोल बम फेंकने वाला आरोपी CCTV फुटेज में कैद, पुलिस कर रही छापेमारी



