Chaibasa: जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोंगो गांव में मंगलवार रात जंगली हाथी के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान रोंगो गांव निवासी नोमा चेरोवा (31 वर्ष) के रूप में हुई है. उसे बुधवार सुबह इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है. नोमा चेरोवा अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित तालाब के पास से वापस लौट रहा था. इसी दौरान कटहल के पेड़ों के नीचे जंगली हाथियों का झुंड मौजूद था. अंधेरा होने के कारण वह हाथियों को नहीं देख सका. जैसे ही वह झुंड के करीब पहुंचा, एक हाथी ने अपनी सूंड़ से उसे जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल नोमा ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. बताया जाता है कि घटना के काफी देर बाद तक हाथियों का झुंड गांव के आसपास डटा रहा. हाथियों ने कुछ घरों को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया है.
वन विभाग की टीम रोंगो गांव पहुंची
बुधवार सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रोंगो गांव पहुंची और घायल को उपचार के लिए मनोहरपुर सीएचसी पहुंचाया. यह क्षेत्र कोल्हान वन प्रमंडल के गोइलकेरा वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत आता है. घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है. वन विभाग ने घायल के इलाज तथा मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
AlsoRead:अमित शाह ने दिया आदेश – हिमाचल प्रदेश का पानी अब दिल्ली और राजस्थान को भी मिलेगा



