Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के रायडीह गांव स्थित रानी तालाब में बुधवार को नहाने के क्रम में डूबने से 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरीडीह गांव के रहने वाले मुस्तफा अंसारी के पुत्र शाहनवाज अंसारी के रूप में की गई है.
चिकित्सकों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया
मिली जानकारी के अनुसार शाहनवाज बुधवार अपराह्न अपने गांव से रायडीह स्थित उक्त तालाब के समीप स्थित एक जामुन के पेड़ से जामुन तोड़कर खाने आया हुआ था. इसी दौरान जामुन खाने के पश्चात वह उक्त तालाब में नहाने चला गया. नहाने के क्रम में वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और पानी के अंदर डूब गया. उसे डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया. इसके पश्चात रायडीह गांव के अन्य ग्रामीण और बगरिडीह के कुछ लोग वहां पहुंचे और कुछ तैराकों द्वारा उसे तालाब से बाहर निकाला गया. इसके पश्चात वे लोग उसे आनन-फ़ानन में लेकर सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शाहनवाज के मौत की खबर सुनते ही रोने बिलखने लगे. इधर घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी सुमन यादव सदर अस्पताल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए मृतक के परिजनों से पहले घटना की जानकारी ली और कागजी कार्रवाई पूरी करने के पश्चात शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया.
AlsoRead:उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने MRP पर बिक्री और रिकॉर्ड संधारण का दिया निर्देश



