Koderma: मुहर्रम का त्योहार प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शांतिपूर्ण वातावरण संपन्न कराने को लेकर बुधवार को डोमचांच थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता डोमचांच सीओ रविंद्र पाण्डेय ने किया. बैठक में मुख्य रुप से डोमचांच पुलिस इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार, नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा मौजूद थे. बैठक के दौरान थाना क्षेत्र के सभी मुस्लिम अखाड़ा कमिटी के लाइसेंसधारी सरदार, डीजे संचालक, हिन्दू धर्म के गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित हुए और सभी ने थाना प्रभारी के समक्ष बारीकी से अपने अपने क्षेत्र का सुझाव पेश किया.
तमाम दिशा निर्देश दिए गए
बैठक में कहा गया कि ताजिया माननीय उच्च न्यायालय एवं जिला प्रशासन के निर्देश का पालन कर निर्धारित समय व रुट से ही निकालें. ताजिया की ऊंचाई सीमित रहेगी. अखाड़ा में वैसे खतरनाक खेलों का प्रदर्शन न करें, जिससे किसी को क्षति हो. डीजे बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगी. डीजे बजते हुए पकड़े जाने पर लाइसेंसधारी के साथ – साथ डीजे संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. ताजिया जुलूस के साथ वॉलंटियर साथ रहेंगे और नियंत्रण करते हुए आगे बढ़ेंगे. यातायात बाधित नही करेंगे. साथ ही पुलिस दल भी तैनात रहेगी. लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह में न पड़ें. यदि कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है या हुड़दंगी करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें. डोमचांच पुलिस आपकी सेवा में हर क्षण तैयार रहेगी. मौके पर बगड़ो मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, प्रदीप सिंह, लीलाबती मेहता, समाजसेवी मुंशी मेहता, एसआई सुबोध पाठक, एसआई अजीत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.



