Ranchi: राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दावा किया है कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा चुनाव में उसके अधिकृत उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है. बुधवार को जारी बयान में राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, राजद और सहयोगी दलों के सभी विधायक जनादेश और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत है और सभी विधायक मजबूती से अपने उम्मीदवार के साथ खड़े हैं. भाजपा पर निशाना साधते हुए सिन्हा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले अपने विधायकों को होटल में ठहराने का फैसला इस बात का संकेत है कि भाजपा नेतृत्व को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं रह गया है. जो पार्टी हमेशा दूसरे दलों पर आरोप लगाती रही, वही आज अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए होटल राजनीति का सहारा ले रही है.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले NDA का शक्ति प्रदर्शन, रेडिशन ब्लू में विधायकों की क्लास; कांग्रेस पर आदित्य साहू का बड़ा हमला
भाजपा चुनाव से पहले भ्रम और अफवाह फैला रही
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले भ्रम और अफवाहों का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जबकि महागठबंधन पूरी तरह संगठित और एकजुट है. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने जिस विश्वास के साथ वर्तमान सरकार को जनादेश दिया है, उसके निर्वाचित प्रतिनिधि किसी दबाव या प्रलोभन में आने वाले नहीं हैं. राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले जनप्रतिनिधियों को होटल या रिसॉर्ट की राजनीति की आवश्यकता नहीं होती. भाजपा का कदम उसकी राजनीतिक बेचैनी और अंदरूनी असमंजस को दर्शाता है. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा चुनाव का परिणाम यह साबित करेगा कि झारखंड में जनादेश के सम्मान, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति की जीत होगी, जबकि भाजपा की नकारात्मक राजनीति को जनता एक बार फिर नकार देगी.
यह भी पढ़ें: विश्वकप में मेसी का हैट्रिक: मौजूदा चैंपियन अर्जेटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हराकर की शानदार शुरूआत, मेसी का जलवा



