Bandgaon: कराईकेला थाना के तत्वावधान में कराईकेला बाजार एवं एनएच-75 मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस जवानों एवं स्थानीय युवाओं ने लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया.
हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का संदेश
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से संबंधित बैनर के माध्यम से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने का संदेश दिया गया. अभियान में उपस्थित लोगों को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश हादसे लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं भी नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे.
ALSO READ: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का पलटवार, बोली- भाजपा के खेमे में घबराहट, विधायक नाराज
सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील
कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. कराईकेला बाजार एवं एनएच-75 मुख्य मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है. सभी वाहन चालक हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें. कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा समिति, पश्चिमी सिंहभूम के संदेशों का भी प्रचार-प्रसार किया गया तथा लोगों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की गई.



