Giridih: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में पचम्बा पुलिस द्वारा विभिन्न मुहर्रम अखाड़ा कमिटियों का दौरा कर सत्यापन अभियान चलाया गया.

अखाड़ा कमिटियों से जुटाई गई जानकारी
देर शाम चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अखाड़ा कमिटियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक जानकारी एकत्र की. साथ ही मुहर्रम जुलूस के प्रस्तावित मार्गों, अखाड़ा स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
पुलिस अधिकारियों ने कमिटी सदस्यों से आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.

संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ जुलूस मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी. किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं. अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी समुदायों के सहयोग से मुहर्रम पर्व शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ संपन्न होगा.


