Pakur : जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलपहाड़ी गांव स्थित एक बंद पड़े पत्थर खदान में डूबे युवक का शव बरामद किया गया है. खदान के पानी में शव तैरता दिखाई देने के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल गया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार बेलपाहाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर खदान में नहाने के लिए गया था. काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाशी शुरू कर दी. खोजबीन के दौरान खदान के किनारे उसके कपड़े और साबुन मिले इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि युवक खदान में डूब गया है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश के लिए खोजबीन अभियान शुरू करवाया. देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन द्वारा NDRF की सहायता लेने की तैयारी भी की जा रही थी. लेकिन इस दौरान युवक का शव खदान के पानी में तैरता हुआ दिखाई पड़ा. जिसके बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकाला. युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं परिजनों के घर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
ALSO READ: पलामू : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका



