Ranchi: राजधानी के VIP इलाके मोरहाबादी में गुरुवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ऑनलाइन डिलीवरी ऐप Blinkit के डिलीवरी बॉय के साथ से मारपीट की गई. घटना मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण अपार्टमेंट के पास की है. इस घटना के विरोध में सैकड़ों की संख्या में डिलीवरी कर्मी एकजुट हो गए और अपार्टमेंट का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को Blinkit का एक डिलीवरी बॉय सामान की डिलीवरी देने के लिए मोरहाबादी के रामकृष्ण अपार्टमेंट पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों से उसकी बहस हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि लोगों ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे बुरी तरह से पीट दिया गया. अपने साथी के साथ हुई मारपीट की खबर जैसे ही रांची के अन्य ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स को मिली, वे आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते करीब सैकड़ों की संख्या में डिलीवरी कर्मी काम छोड़कर रामकृष्ण अपार्टमेंट के पास जुटने लगे. कर्मियों ने अपार्टमेंट के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और पीड़ित को इंसाफ दिलाने तथा मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग पर अड़ गए.
मौके पर पहुंची पुलिस, शांत कराने का प्रयास जारी
घटना की संवेदनशीलता और भारी संख्या में लोगों के जुटने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित डिलीवरी कर्मियों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस मामले को शांत कराने और लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाने का आश्वासन दे रही है. फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.
ALSO READ: मानसून की दस्तक से पर्यटन स्थलों पर बढ़ी चुनौतियां, यात्रियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी



