Ranchi: झारखंड विधानसभा के कमरा नंबर 42 में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग की सरगर्मियां चरम पर हैं. सत्ता और विपक्ष के बीच शह-मात के इस खेल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. मतदान की शुरुआत होते ही भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सबसे पहला वोट डाला, जिसके बाद एनडीए के सभी 24 विधायकों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया.
इस समय सत्ताधारी गठबंधन के विधायक भी कतार में हैं और मतदान जारी है मतदान केंद्र से बाहर आते ही एनडीए खेमे में भारी उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला. विधायकों ने साफ संदेश दिया कि वे इस मुकाबले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं.
NDA खेमे की हुंकार: चिंता न करें, आंकड़ा 31 पार जाएगा
• अमित यादव (भाजपा विधायक): विपक्ष 28 (जीत के लिए जरूरी आंकड़े) की चिंता न करे, हमारा आंकड़ा 31 पार हो जाएगा। शाम का रंग पूरी तरह भगवा होने जा रहा है.
• नवीन जायसवाल (भाजपा विधायक): एनडीए के सभी 24 विधायकों ने समय से मतदान कर दिया है। कांग्रेस को न तो अपने विधायकों पर भरोसा है और न ही अपने नेताओं पर। उन्हें हार का डर सता रहा है। आज शाम का रंग बेहद सुनहरा होगा.
• चंपाई सोरेन (पूर्व मुख्यमंत्री): पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने भी मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि वे परिमल नाथवाणी की जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं और आंकड़े उनके पक्ष में हैं.
सीपी सिंह का इरफान अंसारी पर तंज
वोटिंग के बीच सियासी गलियारों में बयानों के तीर भी चले. वरिष्ठ भाजपा नेता सीपी सिंह ने एक दिलचस्प वाकया साझा करते हुए कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी पर चुटकी ली. सीपी सिंह ने कहा कि कल डॉ. इरफान अंसारी ने मुझे फोन कर मेरा स्वास्थ्य पूछा था. मैंने उनसे सीधे शब्दों में कह दिया कि आप अपना और अपनी जनता की स्वास्थ्य का ख्याल रखें, मेरा स्वास्थ्य बिल्कुल उत्तम है.
फिलहाल विधानसभा के कमरा नंबर 42 में वोटिंग की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है. एनडीए के इस भारी आत्मविश्वास और 31 पार के दावे ने सत्ताधारी गठबंधन के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. अब सबकी नजरें शाम को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं कि शाम का रंग किसके मुताबिक बदलता है.



