Ranchi: झारखंड में प्री-मानसून की गतिविधियों ने दस्तक दे दी है, जिसके कारण पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मानसून झारखंड के बचे हुए हिस्सों, बिहार, ओडिशा और तेलंगाना में पूरी तरह प्रवेश कर जाएगा. इसके साथ ही, अगले तीन दिनों में सूबे के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है.
तेज हवाओं और वज्रपात का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी जारी की है. 18 जून को राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका है. वहीं, शेष इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 19 से 24 जून के बीच भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजधानी रांची में कैसा रहेगा मौसम?
अगर राजधानी रांची की बात करें, तो यहां अगले कुछ दिनों तक लगातार राहत के आसार हैं. 18 जून को तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो 19 जून से घटकर 33 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा. वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. 21 जून को शहर में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी.
लातेहार के बालुमठ में सबसे ज्यादा बरसे बदरा
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा हुई. इस दौरान लातेहार जिले का बालुमठ इलाका सबसे ज्यादा सराबोर हुआ, जहां सर्वाधिक 35 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. सबसे गर्म शहर डालटनगंज रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे अधिक न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
• डालटनगंज- 42.4 डिग्री सेल्सियस
• बोकारोः 40.5 डिग्री सेल्सियस
• सरायकेला: 40.2 डिग्री सेल्सियस
• चाईबासा: 39.4 डिग्री सेल्सियस
• जमशेदपुर: 39.0 डिग्री सेल्सियस
• पाकुड़: 37.3 डिग्री सेल्सियस
• खूंटी: 36.6 डिग्री सेल्सियस
• रांची व लोहरदगा: 36.0 डिग्री सेल्सियस



