Hazariabgh: जिले में लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने तथा कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में उद्योग विभाग, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड एवं जनजागरण मंच के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए.
विश्वकर्मा योजना के लाभुकों का बढ़ेगा पंजीकरण
बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र कारीगरों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आर्टिजंस कार्ड बनाने, पात्र लाभुकों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने तथा अगले एक माह के भीतर विशेष अभियान चलाकर योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा.
एक माह में 20 आर्टिजंस कार्ड बनाने का लक्ष्य
उपायुक्त ने सभी प्रखंड समन्वयकों को एक माह के भीतर कम से कम 20 आर्टिजंस कार्ड तैयार कराने का लक्ष्य दिया. वहीं चौपारण के ऊलेन मार्केट को प्रोत्साहित करने के लिए सहकारी समिति का गठन कर अध्यक्ष और सचिव के चयन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश भी दिया गया.
जुलाई और अगस्त में लगेगा आर्टिजंस मेला
कारीगरों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में आर्टिजंस मेले के आयोजन का निर्णय लिया गया है. यह मेला 13 से 15 जुलाई 2026 तथा 5 से 7 अगस्त 2026 तक हजारीबाग झील परिसर स्थित ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित होगा. मेले में जूट उत्पाद, सोहराई कला, सिलाई-कढ़ाई, काष्ठ कला, बांस आधारित उत्पाद समेत विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी. इसके माध्यम से कारीगरों को सीधे ग्राहकों और व्यापारियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा.
कॉमन फैसिलिटी सेंटर और पीएमएफएमई पर जोर
बैठक में उपायुक्त ने स्वयंसेवी संस्थाओं को आवश्यक सहयोग देने, कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थलों के चयन तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. पीएमएफएमई योजना के लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल को जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उन्हें बैंक और प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ समन्वय कर पात्र आवेदनों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे. जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इन पहलों से जिले के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकेगा.
ALSO READ : नामकुम–कांड्रा रेल परियोजना को गति देने की मांग, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन



