Ranchi: झारखंड सरकार राज्य में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़े कदम उठा रही है. गृह विभाग की योजना के तहत प्रदेश के 18 महत्वपूर्ण स्थानों पर नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. इस सूची में राज्य सरकार ने प्राथमिक रूप से 10 अनुमंडलों को चिह्नित किया है जहां फायर स्टेशन बनाए जाने हैं. इसमें छतरपुर (पलामू), बसिया (गुमला), चैनपुर (गुमला), महगामा (गोड्डा), सिमरिया (चतरा), खोरी-महुआ (गिरिडीह), डुमरी (गिरिडीह), बगोदर-सरिया (गिरिडीह), महुआटांड़ (लातेहार), रंका (गढ़वा) शामिल है. इसके अतिरिक्त, औद्योगिक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे जमशेदपुर के जुगसलाई व गोविंदपुर, धनबाद के कतरास व निरसा, रांची के खेलगांव व ओरमांझी, दुमका के जरमुंडी और देवघर एम्स परिसर में भी नए केंद्र खोले जाएंगे.

जमीन आवंटन में आ रही बाधा
दिसंबर 2023 से शुरू हुई इस योजना की गति वर्तमान में कुछ स्थानों पर धीमी है. इसका मुख्य कारण जमीन आवंटन में आ रही बाधाएं हैं. 18 प्रस्तावित स्थानों में से अब तक केवल सात जगहों (छतरपुर, जरमुंडी, बगोदर-सरिया, खेलगांव, ओरमांझी, महुआडांड़ और देवघर एम्स) से ही जमीन संबंधी रिपोर्ट गृह विभाग को प्राप्त हुई है. बाकी 11 स्थानों पर अब तक जमीन चिह्नित नहीं हो सकी है. इसे लेकर गृह विभाग ने गुमला, गोड्डा, चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम और धनबाद के डीसी को रिमाइंडर भेजकर जल्द से जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

