Ranchi: पेट्रोल-डीजल, दूध और सीएनजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर झारखंड कांग्रेस केन्द्र सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी. प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने शनिवार को राज्यभर में विरोध प्रदर्शन और प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि आंदोलन को व्यापक और प्रभावी बनाया जाए. कांग्रेस का आरोप है कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आमलोगों की कमर तोड़ दी है और केन्द्र सरकार जनता की परेशानियों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: विष्णु शर्मा हत्याकांड में बोकारो न्यायालय ने दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर घर-घर तक
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब हर घर तक पहुंच चुका है. परिवहन से लेकर खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं. वहीं दूध और सीएनजी गैस के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है. प्रदेश नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि आंदोलन में सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा संगठन और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हों. जिला प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करने को कहा गया है. इसी कड़ी में राजधानी रांची में शनिवार शाम 4 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेंगे. पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: रांची: समाहरणालय में DC का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
