Ranchi: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा कल राज्य के सभी जिलों के एसएसपी व एसपी के साथ यातायात व्यवस्था और एसडीआरएफ के सुचारू क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक करेंगी. इस बैठक में सभी जिलों के एसएसपी व एसपी शामिल रहेंगे. यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की जाएगी. बैठक कल दोपहर 3 बजे से शुरू होगी. इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) कार्यालय, झारखंड द्वारा सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को आवश्यक एजेंडा बिंदुओं के साथ तैयारी कर बैठक में शामिल होने का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है.
यातायात व्यवस्था पर होगी विस्तृत समीक्षा
बैठक में राज्य की ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर 10 प्रमुख बिंदुओं पर गहन समीक्षा की जाएगी. ट्रैफिक थानों और नए चालान पोस्ट के गठन से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा की जाएगी. ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड गन, बॉडी-वॉर्न कैमरा और टोइंग व्हीकल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के उपायों की समीक्षा की जाएगी. आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी विचार किया जाएगा. राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस और स्पीड लेजर गन की तैनाती की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी.
आपदा प्रबंधन और SDRF की तैयारियों पर भी फोकस
इस बैठक में डीजीपी तदाशा मिश्रा आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों की भी समीक्षा करेंगी. आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. संभावित आपदा हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान, एसडीआरएफ बल की प्रतिनियुक्ति की समीक्षा, एसडीआरएफ कर्मियों के लिए उपलब्ध उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा किसी भी आपदा या घटना के दौरान किए गए रिस्पॉन्स और उसकी प्रभावशीलता का भी मूल्यांकन किया जाएगा.
सभी जिलों से मांगी गई है विस्तृत जानकारी
इसके लिए राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे संबंधित विषयों पर अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में शामिल हों. बैठक के दौरान विभिन्न जिलों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.



