Ranchi: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर आरएसएस कार्यालय में एक दिन पहले हुए पेट्रोल बम से हमले के मामले की जांच झारखंड एटीएस करेगी. रांची पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी का नाम सैफ अंसारी (पिता का नाम सेराज अंसारी), दूसरे अपराधी का नाम अमन अंसारी उर्फ गोलू (पिता का नाम स्व. सनोफ अंसारी) और तीसरे अपराधी का नाम सायम सुजान (पिता मो. खुर्सीद) है. गिरफ्तार तीन अपराधी लोहरदगा जिले के रहने वाले हैं. पुलिस की पूछताछ में आतंकी गतिविधि में शामिल होने की बात सामने आई है, जिसके बाद इस मामले की जांच अब झारखंड एटीएस करने वाली है. पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े, रेपिडो कैब और चार मोबाइल जब्त किए हैं.
क्या है मामला?
बता दें, बीते 16 जून 2026 की रात कुछ अज्ञात अपराधियों ने निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका था. इस घटना के बाद चूटिया थाना में विभिन्न गंभीर धाराओं और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला (कांड सं.-85/26) दर्ज किया गया था. मामले के खुलासे के लिए रांची एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था, जिसके बाद रांची पुलिस को ये सफलता हाथ लगी है.
CCTV और तकनीकी सहायता से दबोचे गए आरोपी
SIT ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण की मदद से मुख्य अभियुक्तों की पहचान की. इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई. घटना को अंजाम देकर दूसरे राज्य भागने की फिराक में लगे दो आरोपियों सैफ अंसारी एवं अमन अंसारी उर्फ गोलू को कोडरमा पुलिस के सहयोग से गुझंडी रेलवे स्टेशन (कोडरमा) के पास से गिरफ्तार किया गया. इन दोनों की निशानदेही पर घटना में शामिल तीसरे आरोपी सायम सुजान को रांची से दबोचा गया.
आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर घटना के वक्त पहने गए कपड़े लोअरबाजार थाना क्षेत्र के एक नाले के पास से बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं. पुलिस को अंदेशा है कि इन अपराधियों के तार किसी अंतर्राष्ट्रीय मॉड्यूल से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है.
शौचालय के रास्ते भागने की कोशिश, मुठभेड़ में आरोपी घायल
वहीं, आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे कोतवाली थाना परिसर में एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. गिरफ्तार आरोपी सैफ अंसारी ने शौचालय जाने की बात कही. शौचालय के अंदर जाकर उसने वेंटिलेशन की ग्रिल और शीशा तोड़ दिया और सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया. आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत सभी थानों को अलर्ट किया गया. भागने के क्रम में मांडर थाना पुलिस ने चमहा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान सैफ अली को दोबारा घेर लिया. खुद को घिरता देख सैफ ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें सैफ अली के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव पर माले का पलटवार, केंद्रीय महासचिव ने कहा- हमारे दोनों वोट कांग्रेस उम्मीदवार को ही गए


