Ranchi: झारखंड राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर उठे विवाद के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. देवघर से आरजेडी विधायक सुरेश पासवान ने कहा, कि पार्टी के सभी चार विधायकों ने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है और क्रॉस वोटिंग के आरोप पूरी तरह निराधार है. आरजेडी के विधायक पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की राजनीतिक विचारधारा और अनुशासन का पालन करते हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी के चारों विधायकों ने अपना प्रथम वरीयता मत इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को ही दिया.
मतदान प्रक्रिया का किया गया पालन- विधायक सुरेश पासवान
कांग्रेस प्रभारी के. राजू के आरोपों पर सवाल उठाते हुए पासवान ने कहा, कि किसी भी नेता को बिना प्रमाण के इस तरह के गंभीर आरोप नहीं लगाने चाहिए. उन्होंने पूछा कि आखिर किस आधार पर आरजेडी विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया जा रहा है. आरजेडी विधायक ने कहा, कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी मतदान प्रक्रिया का पालन किया गया. उन्होंने बताया कि मतदान के बाद पार्टी के अधिकृत एजेंट को बैलेट दिखाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई और उसके बाद ही मतपत्र बैलेट बॉक्स में डाला गया.
आरजेडी ने अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाई
पासवान ने यह भी कहा कि यदि इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार की हार हुई है, तो उसकी जिम्मेदारी केवल आरजेडी पर नहीं डाली जा सकती. आरजेडी ने अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाई और अपने सभी वोट गठबंधन उम्मीदवार को दिए. यदि कहीं और कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह देते हुए कहा, कि सार्वजनिक बयान देने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए. साथ ही उन्होंने इस दावे को भी खारिज कर दिया कि राज्यसभा चुनाव में बिहार की राजनीति या किसी पुराने राजनीतिक विवाद का असर पड़ा है. उनके अनुसार इस तरह की बातें सिर्फ अटकलें हैं और उनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिले नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, सीएम ने दी बधाई और शुभकामनाएं



