Ranchi: राज्यसभा के इस पूरे चुनावी दंगल में सबसे ज्यादा चर्चा और रहस्य आरजेडी के 4 और माले के 2 विधायकों को लेकर है. 81 सदस्यीय विधानसभा के इस खेल में ये 6 विधायक इस समय किंगमेकर’ या यूँ कहें कि ‘गेमचेंजर’ की भूमिका में आ गए हैं. यही वजह है कि दोनों गठबंधनों के रणनीतिकार आरजेडी और माले के हर कदम, हर बयान और यहां तक कि उनके विधायकों की मुस्कान को भी किसी राजनीतिक ज्योतिष की तरह डिकोड करने में जुटे हैं.
अंतरात्मा की आवाज: नेताओं का नया और सबसे सस्ता आध्यात्मिक हथियार
इस चुनाव में अगर किसी शब्द की सबसे ज्यादा दुर्गति हुई है, तो वह है, अंतरात्मा की आवाज. नेताओं ने इसे इस कदर घिस दिया है कि यह राजनीतिक बयानबाजी कम और किसी बाबा का आध्यात्मिक प्रवचन ज्यादा लगने लगा है. असल में, जब भी क्रॉस वोटिंग या भीतरघात की जमीन तैयार करनी होती है, तो ‘अंतरात्मा’ को जगा दिया जाता है. यानी, पार्टी का व्हिप और लाइन एक तरफ, विधायक की आत्मा दूसरी तरफ, और दोनों के बीच में पिसती झारखंड की सियासत. इस बार भी कई विधायकों की आत्मा जागने की अफवाहें बाजार में गर्म हैं.
ALSO READ: कांग्रेस पर आरजेडी का तीखा हमला, कहा- हमें धोखेबाज कहने वाले पहले सबूत दें
पार्टी एजेंटों के बॉडी लैंग्वेज का सस्पेंस
वोटिंग खत्म होने के बाद नेताओं की ‘बॉडी लैंग्वेज’ के जरिए नतीजे भांपने की कोशिश हुई. किसी की मुस्कान की चौड़ाई नापी जा रही है, तो किसी के हाथ मिलाने की गर्माहट से उसकी घबराहट का अंदाजा लगाया जा रहा है.



