Ranchi: झारखंड में संपन्न राज्यसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनिर्वाचित दोनों राज्यसभा सदस्यों बैद्यनाथ राम और परिमल नथवानी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधि अब उच्च सदन में झारखंड की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे.
बैद्यनाथ राम का निर्वाचन बताया ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र की भावना को सशक्त करने की दिशा में बैद्यनाथ राम का राज्यसभा के लिए निर्वाचित होना झारखंड के लिए विशेष महत्व रखता है. उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताया.
उन्होंने कहा कि पहली बार झारखंड की धरती से दलित समाज का कोई जनप्रतिनिधि राज्यसभा पहुंचेगा और उच्च सदन में राज्य के मुद्दों, वंचित वर्गों की आकांक्षाओं तथा सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाएगा. यह झारखंड के लोकतांत्रिक सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
ALSO READ: बोकारो: प्रथम प्रयास में सीए फाइनल उत्तीर्ण कर मिहिर ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
राज्यहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बैद्यनाथ राम और परिमल नथवानी दोनों अपने अनुभव और कार्यक्षमता के बल पर राज्यहित से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से रखेंगे तथा झारखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.



