Bihar: बिहार के मोकामा से एक राहत भरी खबर सामने आई है. विधायक अनंत सिंह के काफिले की चार गाड़ियां गुरुवार देर रात आपस में टकरा गईं. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और विधायक अनंत सिंह भी पूरी तरह सुरक्षित हैं.
शादी समारोह से लौट रहे थे अनंत सिंह
जानकारी के अनुसार, मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद विधायक अनंत सिंह देर रात पटना लौट रहे थे. उनके साथ हमेशा की तरह कई वाहनों का काफिला भी चल रहा था. काफिले में सबसे आगे अनंत सिंह की गाड़ी थी.
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई एक गाड़ी
बताया जा रहा है कि काफिला तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान अनंत सिंह की गाड़ी के पीछे चल रही एक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. अचानक हुए इस हादसे के बाद पीछे आ रही गाड़ियों के चालकों ने ब्रेक लगाया, लेकिन दूरी कम होने के कारण चार वाहन आपस में भिड़ गए.
अथमलगोला थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह दुर्घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा पेट्रोल पंप के पास हुई. हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
विधायक ने रुककर लिया हालचाल
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अनंत सिंह मौके पर रुके और काफिले में मौजूद लोगों का हालचाल लिया. सभी के सुरक्षित होने की पुष्टि होने के बाद वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए.
Read Also: हजारीबाग में ब्रिटिश दौर की छावनी और 1782 के ‘न्यू मिलिट्री रोड’ को लेकर ऐतिहासिक जानकारी सामने आई
पुलिस ने दी घटना की जानकारी
अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि विधायक अनंत सिंह की गाड़ी दुर्घटना का शिकार नहीं हुई.
यातायात रहा सामान्य
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को फोरलेन सड़क के किनारे कर दिया गया है. घटना के कारण यातायात पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा और आवागमन सामान्य रूप से जारी रहा.



