Ranchi: प्लास्टिक मुक्त रांची अभियान के तहत रांची नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान से 480 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया है. नियमों के उल्लंघन के मामले में संबंधित प्रतिष्ठान पर 52 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. नगर निगम को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्ट सराय रोड स्थित मेसर्स डिस्पो वर्ल्ड में छापेमारी की. जांच के दौरान 17 कार्टन में रखी करीब 480 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया.
सामग्री के नमूनों को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद भेजा गया
जब्त सामग्री के नमूनों को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद भेजा गया. जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि प्रतिष्ठान में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 (संशोधित 2026) का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और बिक्री की जा रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान पर 52 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी.
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि रांची में सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी जब्ती, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से कपड़े, जूट और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील करते हुए कहा, कि प्लास्टिक मुक्त रांची बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है.
यह भी पढ़ें: रांची रथ मेला 2026: पहली बार प्राइवेट गनमैन और महिला सुरक्षाकर्मी संभालेंगी बाबा जगन्नाथ की सुरक्षा



