Bokaro: चास मुफ्फसिल थाना अंतर्गत कुम्हरी, डुमरदाह, सिधाबाद एवं सिंहडीह गांव में अवैध शराब निर्माण व बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले लगभग 150 किलोग्राम जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया.
अभियान के दौरान कई संदिग्ध स्थानों की ली गई तलाशी
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना है. साथ ही इससे होने वाली सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को रोकना है. अभियान के दौरान कई संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई. अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच की गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई, कि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें: बोकारो: तेनुघाट उपकारा में 21 जून को जेल अदालत व कानूनी जागरूकता शिविर



