Lohardaga: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर कांग्रेस संगठन अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. लोहरदगा जिले के पेशरार प्रखंड क्षेत्र में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं, मंडल अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों और बीएलए-2 के साथ अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने, उन्हें जरूरी जानकारी देने और पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.
कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव एवं लोहरदगा प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि एसआईआर अभियान में कांग्रेस के बीएलए-2 अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता आम मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देकर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम कर रहे हैं. आलोक दूबे ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक गणना अवधि तय की है. इस दौरान बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के बीच लगातार समन्वय और बैठकें होंगी. उन्होंने कहा कि 30 जून को सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी. कांग्रेस के सभी बीएलए-2 को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की जिम्मेदारी सिर्फ बैठक में शामिल होने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे मतदाताओं को फॉर्म भरने, जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी हर जरूरी मदद उपलब्ध कराएंगे. कांग्रेस का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे.
निर्वाचन प्रक्रिया और आम लोगों की सहायता से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखेर भगत ने कहा कि एसआईआर अभियान के दूसरे चरण को सफल बनाने के लिए जल्द ही जिले के सभी कांग्रेस बीएलए-2 की बैठक और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया और आम लोगों की सहायता से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी. उन्होंने बताया कि बीएलए-2 को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बीएलओ के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम कर सकें और एसआईआर अभियान को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सफल बना सकें. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और हर पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें.


