Dhanbad: सड़क सुरक्षा का संदेश देने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने एक अनूठी पहल की है. धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के गोल बिल्डिंग के पास शनिवार को उत्तर-पूर्व भारत के पहले आधुनिक सुविधाओं से लैस हेलमेट के आकार वाले ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन किया गया. शनिवार को इसका उद्घाटन धनबाद के SSP प्रभात कुमार ने किया. इस मौके पर सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण SSP एस. मोहम्मद याकूब और ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

फायर-प्रूफ और आधुनिक सुविधाओं से लैस है बूथ
रेपीडो ट्रांसपोटेशन के सहयोग से बने इस अनोखे हेलमेट बूथ को अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है. यह बूथ पूरी तरह से इंसुलेटेड है. जिससे पुलिसकर्मियों को गर्मी और ठंड के मौसम में राहत मिलेगी. इसके निर्माण में फायर-प्रूफ सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और इसकी खिड़कियों में मजबूत और अनब्रेकेबल शीशे लगाए गए हैं. इस बूथ के अंदर एक समय में चार पुलिसकर्मियों के बैठने की आरामदायक व्यवस्था है. SSP प्रभात कुमार ने बताया कि इस बूथ को हेलमेट का आकार इसलिए दिया गया है ताकि दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया जा सके. उन्होंने जनता से यातायात नियमों के पालन की अपील की. SSP ने आगे बताया कि जल्द ही मेमको मोड़ पर भी इसी तरह का आधुनिक हेलमेट बूथ स्थापित किया जाएगा. जिले के व्यस्त इलाकों में कुल 22 ट्रैफिक पोस्ट चिन्हित किए गए हैं जिनमें से 8 का निर्माण हो चुका है और शेष पर जल्द काम पूरा होगा.


