Gumla: जिला अंतर्गत चैनपुर अनुमंडल के रायडीह एवं कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में चार अलग-अलग मामलों में चार लोगों की हत्या हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार को चारों शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, गुमला भेजा, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया गया.
वृद्ध महिला की हत्या
पहली घटना रायडीह थाना क्षेत्र के परसा गांव की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर 74 वर्षीय फगनी उरांव की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका की पुत्री सुमति उरांव ने बताया कि घटना के समय उनकी मां घर में अकेली थीं. उनके कोई पुत्र नहीं हैं, जबकि बेटी और दामाद गांव में ही कुछ दूरी पर दूसरे घर में रहते हैं. जब वे घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई. आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद हो सकता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पिता ने बेटे की ली जान
दूसरी घटना रायडीह थाना क्षेत्र के करिडा गांव की है, जहां एक पिता ने नशे की हालत में हुए विवाद के बाद टांगी से हमला कर 50 वर्षीय पुत्र रमेश केरकेट्टा की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पिता अरुण केरकेट्टा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. परिजन सलीम मिंज ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी. किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आवेश में आकर अरुण केरकेट्टा ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे रमेश केरकेट्टा की मौत हो गई.
पत्नी की पीट-पीटकर हत्या
तीसरी घटना कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सकरा गांव की है, जहां पति ने 46 वर्षीय पत्नी वीरसमनी देवी की हत्या कर दी. बताया गया कि दोनों नशे की हालत में थे और विवाद के बाद आरोपी पति गोवर्धन मुंडा ने बांस की पट्टी से पीट-पीटकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया. परिजन सूरज देव मुंडा ने बताया कि घटना के समय घर में कोई नहीं था. सूचना मिलने पर एसआई संजय उरांव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी.
धक्का लगने से पिता की मौत
चौथी घटना कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के कुटवा गांव की है, जहां पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में पुत्र द्वारा धक्का दिए जाने से 63 वर्षीय विरसु असुर ऊंचाई से गिर गए और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद एसआई संजय उरांव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी पुत्र कार्तिक असुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. परिजन प्रदीप असुर ने बताया कि खस्सी बेचने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पी.सी. के भगत ने बताया कि चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. प्रथम दृष्टया सभी मामलों में हत्या की आशंका प्रतीत होती है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटनाओं के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.


