Giridih : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सिंदवरिया पंचायत के बाघमारा गांव में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सैकड़ों महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया. योग प्रशिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया. इस दौरान लोगों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी गई तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों का विशेष उत्साह देखने को मिला.
Also Read : एनजीटी नियमों की उड़ रही धज्जियां, अवैध बालू ढुलाई के बीच चित्तरडीह में बड़ा हादसा टला
दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
योगाभ्यास के बाद विभिन्न आयु वर्गों के लिए दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बालक और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतियोगिता 18 वर्ष से कम, 18 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित की गई. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को क्रिकेट बल्ला, बैडमिंटन सेट और गमछा देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुखिया रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है और स्वस्थ, संतुलित तथा तनावमुक्त जीवन का आधार है. कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही. अंत में सभी ने नियमित योग करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.


