Palamu: राजा हरिश्चंद्र घाट स्थित शिव मंदिर के पुजारी राजेश उर्फ झगड़ु बाबा के आकस्मिक निधन के बाद उनके गरीब एवं असहाय परिवार की मदद के लिए समाजसेविका आइशा सिंह आगे आईं. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और ₹5100 नगद राशि एवं चार साड़ियां प्रदान कर आर्थिक सहयोग किया.
भविष्य में भी हर संभव सहायता करने का दिलाया भरोसा
इस अवसर पर आइशा सिंह ने कहा, कि झगड़ु बाबा ने लगभग 40 वर्षों तक राजा हरिश्चंद्र घाट स्थित शिव मंदिर में निस्वार्थ भाव से सेवा की थी. उनके निधन से पूरे शहर ने एक समर्पित और धार्मिक व्यक्तित्व को खो दिया है. उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा, कि भविष्य में भी इस परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, तो वह हर संभव सहायता के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी.
इसके साथ ही आइशा सिंह ने डाल्टनगंज के सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शहरवासियों से अपील की, कि वे इस गरीब और असहाय परिवार की अधिक से अधिक आर्थिक मदद करें, ताकि दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल मिल सके. उन्होंने कहा कि झगड़ु बाबा की वर्षों की सेवा को देखते हुए पूरे समाज का यह नैतिक दायित्व बनता है, कि सभी लोग एकजुट होकर उनके परिवार के साथ खड़े हों और हरसंभव सहयोग प्रदान करें.
यह भी पढ़ें: डीवीसी बोकारो थर्मल की बेटी सौम्या सलोनी बनीं सप्लाई इंस्पेक्टर, पहले ही प्रयास में पाई बीपीएससी में सफलता


