Hazaribagh: पूर्व मध्य रेल के पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा (पटना) में आयोजित रेल सप्ताह समारोह में वर्ष 2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया. समारोह में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कुल 95 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
दीप प्रज्ज्वलन और पुस्तिका विमोचन के साथ शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रेल सप्ताह समारोह पुस्तिका का विमोचन किया. समारोह में मुख्यालय और पांचों मंडलों की सांस्कृतिक टीमों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए.

धनबाद मंडल को मिली सबसे बड़ी उपलब्धि
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभागों और मंडलों को 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड प्रदान की गईं. समग्र कार्यकुशलता के लिए वर्ष 2026 की महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड धनबाद मंडल को प्रदान की गई. वहीं एफिशिएंसी रनर्स-अप कप संयुक्त रूप से सोनपुर मंडल और पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल को मिला.

स्वच्छता और जनशिकायत निवारण में भी सम्मान
स्वच्छता अभियान में बड़े स्टेशनों की श्रेणी में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मध्यम श्रेणी में नरकटियागंज रेलवे स्टेशन और छोटे स्टेशनों की श्रेणी में राजगीर रेलवे स्टेशन को स्वच्छता शील्ड प्रदान की गई. जनशिकायत निवारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रेल मदद शील्ड संयुक्त रूप से समस्तीपुर और सोनपुर मंडल को दी गई.
यात्री सुविधा और सुरक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धियां
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से पूर्व मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है.
कर्मचारी कल्याण पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि नियुक्ति, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.
बड़ी संख्या में अधिकारी और रेलकर्मी रहे उपस्थित
समारोह में अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, सभी पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, मान्यता प्राप्त रेल यूनियनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे.
ALSO READ: बोकारो: 9 अगस्त को आयोजित बोकारो आदिवासी महोत्सव की तैयारियों की DDC ने की समीक्षा

