Saraikela : झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमावर्ती चांडिल रेंज के सपरूम जंगल और मुख्य सड़क के आसपास 12 हाथियों का झुंड मौजूद है. वन विभाग ने पैलंग और सपरूम होते हुए बंगाल की ओर जाने वाले ग्रामीणों और राहगीरों से सावधानी बरतने की अपील की है. वन विभाग के अनुसार हाथियों का झुंड लगातार मूवमेंट कर रहा है. शाम से सुबह तक हाथी जंगल से निकलकर मुख्य सड़क के आसपास आ जाते हैं. ऐसे में पैलंग-सपरूम मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है. विभाग ने अनुमान जताया है कि कभी भी मानव और हाथी के बीच संघर्ष की स्थिति बन सकती है.
ग्रामीणों के लिए हिदायत
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय जंगल या सड़क किनारे अकेले आवाजाही नहीं करने कहा है. जरूरी होने पर टॉर्च, पटाखे और मशाल साथ रखने की हिदायत दी गयी है. इसके साथ ही हाथी दिखने पर शोर न मचाएं, दूरी बनाकर रखें और तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गयी है.

ग्रामीणों को किया जा रहा सर्तक
राज्य के कई जिलों में हाथियों के झुंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है. जिससे फसल नुकसान, घरों की क्षति और जान-माल का खतरा बढ़ गया है. चांडिल क्षेत्र में भी पिछले कुछ दिनों से हाथियों की गतिविधि तेज हुई है. वन विभाग की टीम सपरूम जंगल और आसपास के इलाके में लगातार निगरानी कर रही है. ड्रोन और हाथी मित्र दल के जरिए ग्रामीणों को अलर्ट किया जा रहा है.
ALSO READ : केंद्रीय मंत्री ने कहा – जल्द ही पेट्रोल डीजल की कीमतों में दर्ज की जायेगी गिरावट, नये स्टॉक का इंतजार


